उपमुख्यमंत्री दो बार पार्टी मुख्यालय शेर-ए-कश्मीर भवन जम्मू में पहुंचकर लोगों और कार्यकर्ताओं से जुड़ चुके हैं। वह भी जम्मू के हितों के लिए लड़ते रहने की बात कर रहे हैं। उन्होंने जम्मू के लोगों को आश्वस्त किया है कि सचिवालय में उनकी समस्याओं के लिए हमेशा दरवाजे खुले रहेंगे।
इसके साथ जम्मू-कश्मीर के लोगों की जमीन और नौकरी के हक का मुद्दा भी कायम रखा है। गत दिवस कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने भी जम्मू पार्टी मुख्यालय में शीर्ष कैडर के साथ बैठक कर संगठन गतिविधियों और आगामी चुनाव पर चर्चा की थी। विधानसभा चुनाव में नेकां ने सर्वाधिक 42, भाजपा ने 29 और कांग्रेस ने छह सीटें हासिल की थीं।
मतदाताओं के लिए 16 नवंबर से विशेष शिविर
जम्मू-कश्मीर में पंचायत मतदाता सूची, 2025 के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी है। इसमें सभी प्रक्रियाएं पूरी करके छह जनवरी, 2025 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जानी है। इस बीच 16, 17, 23, 24 नवंबर और एक दिसंबर को मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पंचायत चुनाव बूथ अधिकारी (पीईबीओ यानी वीएलडब्ल्यू/एमपीडीबल्यू आईजीआरएस) विधानसभा बीएलओ के साथ मतदाताओं के मार्गदर्शन के लिए आवश्यक फार्म और पंचायत रोल के साथ मतदान बूथ स्थानों पर उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ओबीसी आरक्षण पर भी काम हो रहा है।