जम्मू कश्मीर पुलिस ने बुधवार को एक सार्वजनिक अपील जारी करते हुए लोगों को प्रदेश पुलिस प्रमुख डीजीपी आरआर स्वैन सहित अन्य अधिकारियों की तस्वीरों के दुरुपयोग न करने की हिदायत दी। पुलिस ने कहा कि डीजीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सामाजिक या सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान खिंचाई गई तस्वीरों को कुछ लोग बिना इजाजत के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनधिकृत रूप से साझा करते हैं, इससे बचना चाहिए।
एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा व्यक्तिगत लाभ के लिए, दूसरों को डराने या प्रभावित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ तस्वीरें साझा कर दी जाती हैं। ऐसा करने पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से ऐसे कार्यों की रिपोर्ट करने और उन्हें उजागर करने के महत्व पर जोर दिया है।
पुलिस ने कहा, 'यह पूरी तरह से आपराधिक और दंडनीय है। अगर फोटो का इस्तेमाल दूसरों को डराने-धमकाने या प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है या पैसा वसूलने या सरकारी लाभ का वादा करने के लिए किया जा रहा है।'
पुलिस गैरकानूनी उद्देश्यों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तस्वीरों का दुरुपयोग करते पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई करने करेगी। हर किसी के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें साझा करते समय सावधानी बरतना और नैतिक मानकों का पालन करना अनिवार्य है। पुलिस इस संबंध में अखंडता बनाए रखने और संभावित नुकसान को रोकने के लिए जिम्मेदार आचरण की आवश्यकता पर जोर देती है।