नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी बाबा को जम्मू पुलिस ने वाराणसी के एक अखाड़े से पकड़ा है। बाबा को अखाड़े से मुख्य मार्ग तक लाने के लिए पुलिस को बनारस की संकरी तथा तंग गलियों से करीब दो किलोमीटर पैदल गुजरना पड़ा। बाद में स्थानीय पुलिस की मदद से बाबा को प्राइवेट कार में बैठा कर रियासी लाया गया। बाबा का नाम स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती उर्फ बनवारी बताया जा रहा है जो मथुरा का रहने वाला है। उसे पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखा गया है।
विज्ञापन
पिछले महीने की छह तारीख को नाबालिग ने परिवार के साथ पुलिस स्टेशन पहुंच कर आपबीती सुनाई थी। उसने बताया था कि घर के पास रहने वाले बाबा ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। वह उसे खाना देने जाती थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज कर आरोपी बाबा की तलाश शुरू कर दी थी। अगले दिन ही नाबालिग ने एक मृत शिशु को जन्म दिया था। इस बीच आरोपी बाबा फरार हो गया था।
शनिवार को पत्रकार वार्ता में एसएसपी ने बताया कि पुलिस को पहले बाबा के झांसी में होने की सूचना मिल रही थी। बाद में उसके वाराणसी में होने की खबर मिली। इस पर पुलिस ने रणनीति के तहत साथ गए कुछ लोगों की मदद ली और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद उसके कमरे की तलाशी ली तो उसे एक धार्मिक पुस्तक पर पता लिखा मिला। जिससे पता चला कि वह वाराणसी में है। इसके बावजूद आरोपी बाबा को पकड़ने के लिए पुलिस का रास्ता आसान नहीं रहा।