एलओसी से सटे पलांवाला सेक्टर में सोमवार की रात और मंगलवार को पुंछ जिले के मल्टी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने फिर नापाक हरकत की। सीजफायर तोड़ते हुए उसकी ओर से चौकियों के साथ-साथ सीमावर्ती गांवों को निशाना बनाते हुए भारी गोलाबारी की गई। सेना ने दोनों जगह मुंहतोड़ जवाब दिया है।
पलांवाला सेक्टर की चौकियों के अलावा गांव घिगडयाल, बदोवाल तथा छन्नी दिबानू में भी पाकिस्तान ने गोले बरसाए। डरे-सहमे ग्रामीणों ने बंकरों में बैठ कर रात गुजारी। पाकिस्तान की तरफ से दागे गए गोलों में दो गोले गांव बदोवाल निवासी प्रेम चंद, दर्शन लाल तथा कृष्ण लाल के घर के नजदीक गिरे।
इनमें से एक गोला फटा, जबकि दूसरा फ्यूज हो गया। मंगलवार को सेना के अधिकारियों ने गोलाबारी प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने लोगों से कहा कि गोलीबारी के दौरान बंकरों का सहारा लें। गोलाबारी के दौरान कोई भी घरों से बाहर नहीं निकले।
पुंछ जिले के माल्टी सेक्टर के कलसां क्षेत्र में भी मंगलवार दोपहर 1:20 बजे से शाम चार बजे तक पाकिस्तान ने गोलाबारी की। पाकिस्तान ने पहले हलके हथियारों से गोलाबारी शुरू की। बाद में भारी हथियारों से गोले बरसाने शुरू कर दिए।
हीरानगर सेक्टर में रात में बरसाए गोले
भारत-पाकिस्तान अंतराष्ट्रीय सीमा पर पानसर, मनियारी और सतपाल के बीच चल रहे बांध निर्माण को रोकने के लिए पाकिस्तान ने सोमवार रात गोलाबारी की। रात 7:50 बजे शुरू हुआ गोलाबारी का सिलसिला सुबह 4:30 बजे तक जारी रहा। बीएसएफ ने भी पाकिस्तानी गोलाबारी का माकूल जवाब दिया है।