जम्मू एयरपोर्ट से अब रात्रि विमान सेवा को शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। दीपावली तक जम्मू संभाग के लोगों को यह सुविधा मिल सकती है। रनवे के विस्तारीकरण का कार्य अंतिम दौर में होने से रात्रि विमान सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
15 मई तक रनवे के विस्तारीकरण का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद रनवे की लंबाई 6700 फीट से बढ़कर आठ हजार फीट हो जाएगी और यहां पर रात्रि में फ्लाइट संचालन के साथ एयरबस और बी-321 श्रेणी के विमान की लैंडिंग और टेक ऑफ हो सकेगा।
2019 में 159 करोड़ की लागत से जम्मू एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का काम शुरू किया गया था, लेकिन कोरोना के कारण कार्य प्रभावित हुआ। अब 15 मई तक इसके पूरे होने की उम्मीद है। जम्मू एयरपोर्ट के इंजीनियरिंग विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि रनवे विस्तारीकरण का कार्य पूरा होने के बाद इससे फ्लाइट परिचालन के लिए तैयार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: ट्यूलिप गार्डन में एक समय में सौ लोगों को ही मिलेगा प्रवेश, करना होगा इन नियमों का पालन
इसमें तकनीकी पहलुओं को देखने के बाद, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम इसका निरीक्षण करेगी। इसके बाद नाइट लैंडिंग की तरफ कदम बढ़ सकेगा। दीपावली तक नाइट लैंडिंग शुरू हो सकती है। जम्मू एयरपोर्ट पर इंस्ट्यूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) पहले ही स्थापित किया गया है, जो नाइट लैंडिंग में काफी आवश्यक होता है।