पुंछ में पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक पैमाने पर सुधार हुआ है। समग्र सुरक्षा स्थिति शांतिपूर्ण है और अगला विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में होगा। हड़तालें और पत्थरबाजी की घटनाएं अब अतीत की बात हो गई हैं।
पुंछ व राजोरी जिले की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर कहा कि दोनों जिले पाकिस्तान की सीमा से लगते हैं। पाकिस्तान लगातार आतंकियों को धकेलने तथा शांतिपूर्ण इलाके में दोबारा से आतंकवाद को जीवित करने की साजिशों में लगा हुआ है।
घुसपैठ की कई कोशिशों को नाकाम भी बनाया गया है। पुंछ के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी यहां आतंकवाद को दोबारा पनपने नहीं दिया। पंचायत प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की गई है।
जिसमें चर्चा का मुख्य बिंदु पाकिस्तानी एजेंसियों की ओर से आतंकवाद को जीवित करने पर केंद्रित था। प्रतिनिधियों ने कुछ स्थानीय विकास संबंधी मुद्दों को भी उठाया जिसे स्थानीय प्रशासन के समक्ष रखा गया है।