जम्मू-कश्मीर के तमाम सरकारी कार्यालयों और भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनिवार्यता का आदेश जारी हो गया है। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने पिछले दिनों इस बाबत निर्देश जारी किए थे। एलजी के हर कार्यक्रम में राष्ट्रगान सुनिश्चित किया जाता है।
शुक्रवार को मंडलायुक्त जम्मू राघव लंगर ने जिला उपायुक्तों और सरकारी विभागों के एचओडी से कहा है कि वे पंद्रह दिन के भीतर सरकारी भवनों पर तिरंगा फहराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस प्रक्रिया को फ्लैग कोड ऑफ इंडिया के तहत अमल में लाया जाए।
जम्मू-कश्मीर के राज्य रहते नागरिक सचिवालयों समेत चुनिंदा बड़े सरकारी भवनों पर ही राष्ट्रीय ध्वज और राज्य ध्वज लगाए जाते थे। अनुच्छेद 370 हटने के साथ ही राज्य का संविधान और ध्वज भी खत्म हो गए। इसके बाद से केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों, सचिवालयों समेत चुनिंदा भवनों पर तिरंगा लगाया जा रहा है, लेकिन ज्यादातर भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने की व्यवस्था नहीं हो पाई थी।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा राष्ट्रीय प्रतीकों पर खासी तवज्जो दे रहे हैं। उनके कार्यक्रमों यहां तक कि पत्रकार वार्ता में भी आरंभ और समापन के समय पर राष्ट्रगान किया जाता है। इसी क्रम की कड़ी में एलजी ने पिछले दिनों सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा था। अब मंडलायुक्त जम्मू ने सभी जिला अफसरों को आदेश जारी किए हैं।