सुंदरबनी। चौकी चौरा के कालीधार के जंगलों में शनिवार सुबह स्थानीय लोगों को पांच संदिग्ध बंदूकधारी दिखाई दिए। इसके बाद सेना ने क्षेत्र की घेेराबंदी करके तलाशी अभियान चलाया। दिन भर चले अभियान के दौरान कुछ भी हाथ नहीं लगा।
गांव सलागढ़ के ग्रामीणों ने सुबह तकरीबन छह बजे के करीब पांच संदिग्ध बंदूकधारियों को पास के जंगल से गुजरते देखा। गांववासियों ने इसकी सूचना सरपंच को दी। सरपंच की सूचना पर सेना ने रायसिल्योट सलांगड तथा इसके साथ लगते मल्लाडा तरयोली आदि गांवों में तलाशी अभियान चलाया। देर शाम तक सेना को कुछ भी हाथ नहीं लगा। सुंदरबनी के इस क्षेत्र से पहले भी आतंकियों की घुसपैठ होती रही है। वर्ष 2002 में इसी क्षेत्र से घुसपैठ करने वाले आतंकियों ने गांव रायसिल्योट में चार युवाओं को मार दिया था। इसके बाद से ही आतंकी इस क्षेत्र को घुसपैठ करके पहाड़ी क्षेत्र में जाने के लिए सुरक्षित मार्ग समझते रहे हैं। आतंकी अक्सर इसी रास्ते से होते हुए रियासी के पहाड़ी क्षेत्रों माहोर, चसाना, गूल गुलाबगढ़ आदि क्षेत्रों में गतिविधियों को अंजाम देते रहे हैं। इसलिए कालीधार क्षेत्र में संदिग्ध बंदूकधारियों के देखे जाने के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।