किश्तवाड़। जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) पंकज कुमार शर्मा तथा एसएसपी नरेश सिंह ने वीरवार को जिला जेल किश्तवाड़ का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान कैदियों से बात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट पवन कोतवाल, संयुक्त निदेशक योजना अखिल ठाकुर, तहसीलदार निर्भय शर्मा तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण का उद्देश्य जेल परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्थागत सुविधाओं की समीक्षा करना था। निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट ने कैदियों से बातचीत की, उनकी समस्याओं को सुना तथा उनकी रहने की स्थितियों का जायज़ा लिया। कैदियों द्वारा कुछ मांगें रखी गईं, जिनपर डीएम ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
जिला मजिस्ट्रेट ने कैदियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि जेल में सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और रसोईघर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कैदियों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण मिल सके।