कटड़ा। धर्मनगरी में मौजूदा समय पर त्योहारों के सीजन को लेकर मां वैष्णो देवी भवन के साथ ही कटड़ा में वीरानगी छाई हुई है। बहुत कम संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो देवी की यात्रा कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की संख्या में कमी के कारण एक और जहां कटड़ा के बाजार सूने सूने नजर आ रहे हैं वहीं, भवन मार्ग पर घोड़ा, पिट्ठु तथा पालकी वाले श्रद्धालुओं का इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि दीपावली पर्व के बाद मां वैष्णो देवी की यात्रा में बढ़ोतरी होगी।
वीरवार को दिनभर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। वीरवार देर शाम 6 बजे तक 7 हजार 100 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। मगर इस मौजूदा सप्ताह में 8 से 10 हजार तक ही श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए धर्मनगरी कटड़ा पहुंच रहे हैं।