श्रीनगर। अनंतनाग जिले के गुतलीगुंड गांव में मंगलवार को पीलिया के 27 मामले सामने आए थे। इसके बाद सभी संक्रमितों को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इन संक्रमितों में ज्यादातर बच्चे शामिल हैं।
वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों की एक टीम को गुतलीगुंड गांव में भेजा है। यहां टीम ने सैंपल एकत्र किए। विभाग ने बताया कि 2-3 दिनों के भीतर रिपोर्ट आ जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस संक्रमण का फैलाव रोका जा सके।
इस बीच स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इस प्रकोप का मुख्य कारण दूषित पानी है, जबकि अधिकारियों ने बताया कि पानी के नमूने ले लिए गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि अभी तक किसी भी कारणों का पता नहीं चल पाया है।