श्रीनगर। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर घोषित किए गए सात दिन के राष्ट्रीय शोक के कारण जम्मू-कश्मीर में इस बार नए साल का जश्न नहीं मनाया जाएगा। वहीं, पर्यटन विभाग 2 जनवरी 2024 से पहलगाम में सर्दी महोत्सव के तहत कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके बाद जनवरी मध्य में गुलमर्ग में सर्दी महोत्सव मनाया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय पर्यटन दिवस का कार्यक्रम श्रीनगर में आयोजित होगा, जबकि सोनमर्ग, दूधपथरी, लोला और अन्य स्थानों पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में दिल्ली के एम्स में निधन हो गया, जहां उन्हें उम्र संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के कारण भर्ती किया गया था। उनके निधन के बाद केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है, जिसमें राष्ट्र ध्वज आधा झुका रहेगा। इस दौरान सरकारी कार्यक्रमों और उत्सवों को भी स्थगित कर दिया है।