श्रीनगर। श्रीनगर पहली बार 25 से 27 नवम्बर तक वर्ल्ड क्राफ्ट काउंसिल का 60वां गोल्डन जुबली समारोह आयोजित करेगा। यह पश्मीना, कालीन बुनाई और पेपर-माचे की कारीगरी को प्रदर्शित करेगा। समारोह में अंतरराष्ट्रीय कारीगर, डिजाइनर और शिल्प नेता मौजूद रहेंगे।
विभागीय आयुक्त कश्मीर विजय कुमार ने समारोह की तैयारियों का आकलन करने के लिए एक बैठक की। बैठक में जम्मू और कश्मीर पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक, कश्मीर पर्यटन निदेशक, हस्तशिल्प और हस्तकरघा निदेशक, कश्मीर के विभिन्न विभागों के प्रमुख और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान, विभागीय आयुक्त ने प्रतिभागियों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर व्यवस्था, आतिथ्य और प्रोटोकॉल, आवास और परिवहन की सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा उपायों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों के तहत व्यापक व्यवस्था योजना लागू करें, ताकि इस आयोजन की सफलता सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा कश्मीर की सांस्कृतिक धरोहर और ऐतिहासिक महत्व को प्रदर्शित करने के लिए मेहमानों के लिए गाइडेड टूर भी आयोजित किए जाएंगे।