गांदरबल। श्री अमरनाथ यात्रा को सफल बनाने में सिर्फ अमरनाथ श्राइन बोर्ड का ही योगदान नहीं है बल्कि जम्मू-कश्मीर सरकार भी हर कदम पर साथ है। पेयजल, साफ-सफाई, बिजली, चिकित्सा व्यवस्था और विश्राम शिविर समेत तमाम सुविधाएं प्रदेश सरकार मुहैया करा रही है। बाबा बर्फानी किसी एक मजहब के नहीं बल्कि सभी कौमों के अराध्य हैं। हमारी धार्मिक विरासत हैं। सभी को उनका दर्शन-पूजन करने का अधिकार है।
यह बातें जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरेंद्र कुमार चौधरी ने मंगलवार को बाबा बर्फानी के दर्शन करने के बाद कही। बालटाल के रास्ते पवित्र गुफा पहुंचकर दर्शन करने के बाद उन्होंने सोनमर्ग में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। गुफा तक यात्रियों के चलने के लिए बनाए गए ट्रैक की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि बीआरओ ने शानदार काम किया है। भविष्य में ऐसा भी ट्रैक बनेगा जिस रास्ते अति बुजुर्ग श्रद्धालु भी बाबा का दर्शन करने पवित्र गुफा तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि यात्रा मार्ग में सुविधाएं मुहैया कराने वाले विभागों को प्रदर्शनी लगाने को कहा गया है। विशेष तौर पर हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम का स्टाल लगाया जाएगा ताकि देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु कश्मीर में बनने वाले उत्पाद शाल व अन्य उत्पाद खरीद सकें। उन्हें यह भी बताया जाएगा कि तीर्थ यात्रा के बाद वह जम्मू-कश्मीर के अन्य खूबसूरत पर्यटन स्थलों पर भी जाएं। वहां की खूबसूरती देखने के साथ ही यहां के लोगों की सेवाभाव को भी महसूस करेंं।
-