श्रीनगर। कृषि उत्पादन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और पंचायती राज, सहकारिता और चुनाव विभाग के मंत्री जाविद अहमद डार ने शनिवार को अमरनाथ यात्रा को लेकर की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। वह बेस कैंप नुनवान पहुंचे और पहलगाम के सरबल में एक अत्याधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन सुविधा का उद्घाटन किया। नुनवान बेस कैंप क्षेत्र से रोजाना निकलने वाला करीब चार टन सूखा और सात टन गीले कचरे का यहीं निस्तारण होगा।
यात्रा के दौरान मंत्री ने तैनात सफाई कर्मचारियों से विभिन्न बिंदुओं पर बातचीत की। यात्रा मार्ग पर स्वच्छता और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की। मंत्री ने कई डिजिटल और पर्यावरण अनुकूल पहलों का भी जायजा लिया। इसमें तत्काल शिकायत निवारण के लिए शौचालय ब्लॉकों में क्यूआर कोड आधारित फीडबैक सिस्टम की शुरूआत और यात्रियों के लिए स्वच्छता फीडबैक कियोस्क शामिल है।
इस अवसर पर, स्वच्छता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी पर जागरूकता को बढ़ावा देने वाला एक नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किया गया।निरीक्षण के दौरान सचिव ग्रामीण विकास और पंचायती राज एजाज असद, महानिदेशक ग्रामीण स्वच्छता अनु मल्होत्रा और ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।