श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां में बुधवार को नाइदगुंड गांव के निवासियों ने जल संकट को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। शिरमल रंग पुल पर मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग 444 (शोपियां-श्रीनगर) को जाम कर दिया। उन्होंने क्षेत्र में पानी की गंभीर कमी के तत्काल समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के कारण कई घंटों तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही, जिससे शोपियां और श्रीनगर के बीच यात्रा करने वाले यात्री प्रभावित हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों से बार-बार अपील करने के बावजूद उनके गांव में जल संकट हफ्तों से जारी है। हमें दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन गांव में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रहता है तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और निवासियों को समस्या के समाधान का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।