श्रीनगर। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रा के लिए सभी प्रबंध पूरे किये जा चुके हैं। डीजी ग्रामीण स्वच्छता अनु मल्होत्रा ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए उनके विभाग द्वारा सभी कार्य पूरे किये जा चुके हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि तीर्थ यात्रियों के लिए स्वच्छ और आरामदायक अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक स्वच्छता व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
मल्होत्रा ने कहा कि सफाई से संबंधित सभी सुविधाएं पूरी कर ली गई हैं। सभी निर्दिष्ट स्थानों पर शौचालयों की उचित व्यवस्था की गई है और स्वच्छता बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को सहायता प्रदान करने के लिए पर्याप्त जनशक्ति तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि विभाग यात्रा अवधि के दौरान स्वच्छता आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है और तीर्थयात्रियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि विभाग ने दोनों मार्गों - बालटाल और नुनवन पर कुल 5613 शौचालय/स्नानघर स्थापित किए हैं, जिनमें से 2920 पहलगाम मार्ग पर और 2693 बालटाल मार्ग पर हैं। इसके अलावा इन स्वच्छता इकाइयों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए 7361 सफाई कर्मचारी तैनात हैं। विभाग ने दोनों मार्गों पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 15 प्रसंस्करण सुविधाएं भी स्थापित की हैं।