श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से भले ही औपचारिक रूप से 2 जुलाई को रवाना होगा, लेकिन उससे पहले ही श्रीनगर के पंथा चौक स्थित यात्री ट्रांजिट कैंप में भक्तों का आना शुरू हो गया है। क्या महिलाएं, क्या बच्चे, क्या बुज़ुर्ग और क्या जवान... सभी को बस इंतज़ार है हरी झंडी का। कब प्रशासन उन्हें अनुमति दे और वह बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए रवाना हो सकें।
ट्रांजिट कैंप के भीतर और आसपास पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है। चारों ओर हर हर महादेव, बम बम भोले के जयघोषों से गूंज रहा है। भक्तों में बाबा बर्फानी के पहले जत्थे में शामिल होने के लिए उत्सुकता दिखी। उनका केवल यह कहना था कि उनकी भक्ति के आगे सब कुछ फेल है। यात्रियों के अनुसार पहलगाम आतंकी हमले से उनके हौंसले पस्त नहीं होंगे।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से आए एडवोकेट मोहित सिंह ने कहा कि सुरक्षा के बड़े ही अच्छे प्रबंध है। हमारे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने जिस तरह के सुरक्षा इंतज़ाम हमारे लिए करवाए हैं उसका कोई जवाब नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था इस प्रकार की है कि उस पर कोई अंगुली उठा नहीं सकता। पहलगाम अटैक के बाद हमारे बीच कोई डर का माहौल नहीं है, सुरक्षा व्यवस्था ऐसी की गई है कि हमें डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। बाबा बर्फानी के दर्शन पर जाने के लिए केवल हमारे अंदर ही नहीं बाबा के हर एक भक्त में जोश भरा हुआ है।
इस बीच छत्तीसगढ़ रायपुर के शशांक गुप्ता ने कहा कि हम बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए उत्सुक हैं। तपती धूप में भी ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन के लिए लम्बी कतारों में खड़े हुए हैं। गर्मी बेहद ज़्यादा है, लेकिन हमारी आस्था के आगे सब कुछ फेल है। जोश हमारे बीच बहुत ज़्यादा है, काफी उत्सुकता है भोले बाबा के दर्शन करने के लिए। पहलगाम हमला तो एक हादसा है। उससे यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ेगा, हम बाबा बर्फानी के भक्त हैं और बाबा की भक्ति के लिए हम लोग आते रहेंगे। वहीं जयपुर राजस्थान से आये रवि ने कहा कि हम बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए आए हैं। पहलगाम हमले से हम पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए क्योंकि यह भारत है - न झुका है न झुकेगा। पहलगाम के हमलावरों को यही संदेश है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत अखंड है।
क्या महिलाएं, क्या बच्चे, क्या बुज़ुर्ग और क्या जवान... सभी को बस इंतज़ार है हरी झंडी का। कब प्रशासन उन्हें अनुमति दे और वह बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए रवाना हो सकें। इस बीच प्रशासन और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) द्वारा बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आने वाले सभी यात्रियों के लिए रहने, खाने-पीने के अलावा हर प्रकार की सुविधा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है ताकि हर यात्री को एक सुरक्षित माहौल का अनुभव हो सके।
ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन के लिए काउंटर बढ़ाए जाएं ...
पन्था चौक त्रबसित कैंप में लम्बी कतारों में बाबा बर्फानी के भक्त ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन के लिए भीषण गर्मी के बीच खड़े दिखे। उनके अनुसार उन्हें यहां किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। सभी व्यवस्था सही से की गई है लेकिन ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन में दिक्कत आ रही है। छत्तीसगढ़ रायपुर के शशांक गुप्ता और उनके कुछ साथी भी लाइन में खड़े दिखे जिन्होंने प्रशासन की व्यवस्था की सरहाना की लेकिन ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन काउंटर बढ़ाने की मांग की। उनके अनुसार सब कुछ ठीक है, लेकिन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया थोड़ी व्यवस्थित हो जाए तो यात्रियों को ज़्यादा समय लम्बी कतारों में नहीं बिताना पड़ेगा। काउंटर की संख्या बढ़ाई जाए।