एमए रोड पर महिला कॉलेज के पास लगी शर्बत और पानी की सबील।
- फोटो : shrinagar news
श्रीनगर। मुहर्रम का महीना और तेज धूप वाली गर्मी, ऐसे में प्यासों को पानी पिलाने के लिए हुसैन के चाहने वाले युवाओं ने श्रीनगर में जगह-जगह छबीलें (पानी-शर्बत के स्टॉल) लगाई हैं। लाल चौक, एमए रोड से लेकर हब्बाकदल, नौकदल जैसे शहर के अंदरूनी इलाकों तक में सुबह से शाम तक पानी, लस्सी और शर्बत बांटा गया।
रविवार दोपहर एमए रोड पर लगी छबील में काफी युवा सेवाकार्य में लगे थे। छबील के अलावा वे सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को लस्सी के गिलास और ठंडे पानी की बोतलें बांट रहे थे। यहां मौजूद जावेद ने बताया कि इस्लाम में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा सबाब (पुण्य) का काम बताया है।
मुहर्रम के महीने में कर्बला के मैदान में हजरत हुसैन और उनके परिवार व सहाबियों को प्यासा ही शहीद किया गया था। ऐसे में इस पाक महीने में इसका महत्व और बढ़ जाता है। इसीलिए मुहर्रम में सबसे ज्यादा छबीलें लगाई जाती हैं।
एमए रोड पर ही पोलो व्यू मार्केट से आगे भी एक छबील लगी थी। यहां पानी और दो तरह का शर्बत बांटा जा रहा था। युवा हाथों में गिलास लेकर सड़क पर जा रहे लोगों को शर्बत और पानी पिला रहे थे। इन्हीं में से एक अरशद ने बताया कि जून का महीना ही लगभग पूरा गर्मी में गया है। सुबह से यहां लोगों को शर्बत और पानी पिला रहे हैं। वहीं नौकदल पर लगी छबील में दो तरह का शर्बत बांटा जा रहा था। हब्बा कदल सहित शहर के अन्य इलाकों में भी युवा लोगों को रोक-रोककर ठंडा पानी और शर्बत पिला रहे थे।