गांदरबल। उपायुक्त जतिन किशोर ने मुहर्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए कुल्लन और नीलग्राथ का दौरा किया। इस दौरान उपायुक्त ने जुलूसों और मजलिसों के लिए किए जा रहे प्रबंध देखे। कुल्लन और नीलग्राथ की शिया और औकाफ समितियों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त से बातचीत की और निर्बाध जल और बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइटों की स्थापना और मरम्मत, स्वच्छता उपायों और आंतरिक सड़कों की मरम्मत से संबंधित कई प्रमुख समस्याएं बताईं।
उपायुक्त ने अधीनस्थों को निवारण के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मुहर्रम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली जानी चाहिएं। कार्यकारी अभियंता आरएंडबी को निर्देश दिया गया कि जहां आवश्यक हो, आंतरिक सड़कों पर तत्काल मरम्मत और नवीनीकरण कार्य करें।
स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के निर्देश
डीसी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जुलूस के दौरान किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दवाओं और आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति के पर्याप्त स्टॉक के साथ दोनों स्थानों पर प्राथमिक चिकित्सा दल तैनात करने का काम सौंपा गया। इसके अलावा, सहायक आयुक्त पंचायतों को निर्देश दिया गया कि वे इमाम बारगाहों और मस्जिदों के आसपास पूरी तरह से सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित करें, जहां से मुहर्रम के दौरान जुलूस निकलते हैं।