श्रीनगर। पुलिस ने आठ वर्षीय बच्चे की हत्या के आरोप में एक 14 वर्षीय किशोर हिरासत में लिया है। साथ दो अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। तीनों से पूछताछ जारी है।
उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले के लालीपोरा क्षेत्र में कुंजर थाना क्षेत्र के एक खेत में 12 जून को आठ साल का बच्चा घायल अवस्था में मिला था। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले को सुलझाने का दावा किया है।
मंगलवार को पुलिस ने बताया कि 12 जून को लालीपोरा निवासी बच्चा घायल अवस्था में खेत में मिला था। परिजन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक साईंस लेबोरेटरी की एक टीम को बुलाया और जांच शुरू की। मंगलवार को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। चिकित्सकीय-कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को परिवार को सौंप दिया गया।
जांच के दौरान 14 वर्षीय किशोर ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके कारण बच्चे की मृत्यु हुई। उसे किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार हिरासत में लिया गया है और उसे आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आरोपी से संबंधित दो अन्य व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।