बारामुला में योग करते स्कूल के बच्चे। संवाद
- फोटो : shrinagar news
श्रीनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले मंगलवार को स्वास्थ्य और सद्भाव के लिए कश्मीर घाटी में हजारों बच्चों ने योगासन किया। युवा सेवा एवं खेल विभाग ने सामूहिक योग सत्रों में भाग लेने के लिए पूरे प्रदेश में स्कूली बच्चों, युवाओं और आम जनता को जोड़ा।
इस दौरान आयोजन की संयोजक युवा सेवा एवं खेल विभाग की महानिदेशक अनुराधा गुप्ता ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं है यह जीवन का एक तरीका है जो अनुशासन, मानसिक स्पष्टता और शारीरिक लचीलापन बढ़ाता है।
किश्तवाड़ में प्रशिक्षकों ने एचएसएस नागसेनी, एचएसएस चटरू और एचएस सिगड़ी सहित कई स्कूलों में योग सत्र आयोजित किए, जिसमें 500 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और तनाव से राहत, लचीलेपन और सांप्रदायिक एकता के लिए योग को अपनाया।
अनंतनाग में वन अर्थ, वन हेल्थ अभियान के तहत योग का अभ्यास किया गया। खेल क्षेत्र मट्टन, मार्तंड मंदिर में दर्जनों युवा लोगों ने भाग लिया। खेल क्षेत्र श्रीगुफवारा में 167 युवा स्कूली बच्चों ने योग सत्र में भाग लिया। रियासी में 400 से अधिक छात्र और नागरिक जनाना पार्क, एमएस दरमारी ग्राउंड (अर्नास) और एमएस लैटर (पौनी) में आयोजित सत्रों में शामिल हुए।
उत्तरी कश्मीर के बारामुला में इको पार्क खदनियार में आयोजित योग प्रदर्शन में 700 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। यह नशा मुक्त भारत अभियान के सहयोग से आयोजित किया गया था। एडीडीसी बारामुला गुलाम रसूल मीर ने इस कार्यक्रम को नशा मुक्त, स्वस्थ समाज की दिशा में एक कदम बताया। बांदीपोरा में 1,380 प्रतिभागियों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।