बारामुला। डैगर डिवीजन ने बारामुला के जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में चिनार प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2025 का आयोजन किया। शनिवार को फाइनल मैच के बाद समापन समारोह आयोजित किया गया। फाइनल मैच में एमएलए जिमखाना बडगाम को अहमद क्रिकेट क्लब श्रीनगर ने रोमांचक मुकाबले में 7 विकेट से हराया और चैंपियनशिप जीत ली।
इस वर्ष सीपीएल में 64 टीमों ने भाग लिया था। इनमें 32 टीमें बारामुला से और 32 टीमें जिले के बाहर से थीं। शनिवार को हुए फाइनल के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में जीओसी डैगर डिवीजन और बारामुला के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
विजेताओं को जीओसी डैगर डिवीजन ने दो लाख रुपये की पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की। वसीम रज़ा को पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ़ द सीरीज़ घोषित किया गया और उन्हें पल्सर बाइक प्रदान की गई। उन्हें फाइनल का मैन ऑफ़ द मैच भी चुना गया और उन्हें 25 हजार रुपये प्रदान किए गए।
एमएलए जिमखाना के तजामुल बाबा (सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज) को 25 हजार रुपये, सुल्तान वारियर समरबग (अहमद क्रिकेट क्लब) के असीम वसीम (सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज) को 25 हजार रुपये, सुल्तान वारियर समरबग के आबिद पीर (सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक) को 25 हजार रुपये, सुल्तान वारियर समरबग के मुरसीन (उभरते खिलाड़ी) को 25 हजार रुपये दिए गए।
चिनार प्रीमियर लीग 2025 ने कश्मीर घाटी की क्रिकेट प्रतिभाओं को एक साथ लाया, जिससे खेल भावना, सौहार्द और युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिला और साथ ही भारतीय सेना और स्थानीय समुदाय के बीच संबंधों को मज़बूत किया।