श्रीनगर। आर्थिक अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच कश्मीर) ने जमीन बेचने के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले दो आरोपियों रियाज अहमद निवासी नौगाम और शब्बीर अहमद वानी निवासी लासजान श्रीनगर के खिलाफ धोखाधड़ी के दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। दोनों पर एक महिला से 23 लाख और एक पुरुष से 73 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। रियाज और शब्बीर पर पूर्व में भी एक जमीन घोटाले का मुकदमा दर्ज है।
एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक आरोपी रियाज अहमद भट निवासी नौगाम श्रीनगर ने उसे मोजा, बलहामा स्थित एक कनाल और 5 मरला जमीन का एक टुकड़ा 25 लाख रुपये में बेचा था। हकीकत में उसे कोई जमीन नहीं दी गई और उसके हिस्से की जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। दबाव बनाने पर आरोपी द्वारा दिया गया एक चेक भी बाउंस हो गया।
दूसरे प्रकरण में एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि आरोपी रियाज अहमद भट और शब्बीर अहमद वानी निवासी लासजान श्रीनगर ने उसे बलहामा पाथा चौक श्रीनगर में एक कनाल और दस मरला जमीन का एक टुकड़ा 73 लाख रुपये में बेचा। इसका एक बिक्री विलेख भी पंजीकृत है। आरोप है कि आरोपियों ने राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी कर उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी।
-
पहले भी कर चुके हैं घोटाला
रियाज अहमद भट और शब्बीर अहमद वानी पर पूर्व में भी जमीन की बिक्री में फर्जीवाड़ा करने का मुकदमा दर्ज है। अब आर्थिक अपराध शाखा ने दोनों मामलों की गहन जांच शुरू कर दी है। अपराध शाखा ने स्पष्ट कहा है कि मामले में किसी भी तीसरे पक्ष के अधिकारियों की संलिप्तता मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।