श्रीनगर। पुलिस ने घाटी में 6 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर चरस और भांग बरामद की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, श्रीनगर के नूरबाग इलाके में कुख्यात नशा तस्कर की लाखों की कीमत की संपत्ति (घर और जमीन) जब्त की है।
श्रीनगर में जेवीसी अस्पताल बेमिना के पास गश्त के दौरान पुलिस ने चिल्ड्रन अस्पताल से जेवीसी अस्पताल श्रीनगर आ रहे एक व्यक्ति को रोका। उसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसके पकड़ा तो उसके पास से 44 ग्राम चरस बरामद हुई। उसकी पहचान जाविद अहमद लोन निवासी खड़गाम पट्टन ए/पी मंसूर कॉलोनी बेमिना के रूप में हुई है।
इसी तरह पुलिस स्टेशन नौगाम की टीम ने गंजीपोरा में चेक-ए-पहरू निवासी रेयाज अहमद शाह को रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो बैग में छिपाई 39 किलो भांग पाउडर बरामद किया। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गांदरबल में टीम ने हारन क्रॉसिंग पर नाका चेकिंग के दौरान एक वाहन को रोका। वाहन को जफर बशीर भट निवासी गुंडीरहमान चला रहा था। वाहन की तलाशी के दौरान स्पास्मोप्रोक्सीवॉन-प्लस की 40 स्ट्रिप्स (320 गोलियां) बरामद की गईं। आरोपी चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
बारामुला में जनबाजपोरा में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान मुबाशिर अहमद भट निवासी नौपोरा जागीर क्रीरी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 121 ग्राम चरस बरामद हुई। इसी तरह, लघामा-गरकोट क्रॉसिंग पर एक व्यक्ति को पकड़ा। उसकी पहचान मोहम्मद रफीक अवान निवासी गरकोट के रूप में हुई। उसके पास से 4.2 किलो भांग बरादम की। वहीं, हंदवाड़ा में कुहरू ब्रिज पर नाके के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 55 ग्राम चरस बरामद हुई। उसकी पहचान हिलाल अहमद तांत्रे निवासी तकिया लंगेट के रूप में हुई है।
इसके अलावा श्रीनगर में जिस नशा तस्कर की संपत्ति जब्त की गई है, उसकी पहचान पंपोश कॉलोनी पलपोरा निवासी मोहम्मद इरफान शेख के रूप में हुई है। यह कार्रवाई उसके खिलाफ दर्ज केस के आधार पर की गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी से भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए थे। आरोपी ने नशे के धंधे से प्राप्त आय से एक घर और जमीन सहित काफी संपत्ति अर्जित की थी।