राजोरी। जिला प्रशासन ने राजोरी से जम्मू के लिए सब्सिडी हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिले में सर्दी के मौसम में यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए एक हफ्ते में इस सेवा को शुरू किया जाएगा।
डीसी अभिषेक शर्मा ने बताया कि सब्सिडी हेलिकॉप्टर सेवा का किराया 2,000 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। इस सेवा का लाभ जिले में आपातकालीन स्थिति में फंसे यात्रियों, छात्रों, रोगियों और आपातकालीन मामलों के लिए किया जाएगा।
इसके लिए सहायक आयुक्त (पंचायत) शिराज अहमद को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वह हेलिकॉप्टर सेवा के परिचालन की देखरेख करेंगे। नोडल अधिकारी ने बताया कि इस सेवा का लाभ आपातकालीन स्थिति में दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर सेवा का उद्देश्य 150 किलोमीटर लंबी सड़क यात्रा का एक विकल्प बनाना है। राजोरी शहर में हेलिकाॅप्टर की लैंडिंग और बोर्डिंग के लिए बेला कॉलोनी में बनाए गए नए बस अड्डे को चुना गया है। इसके लिए सिविक एविएशन को लिखा गया है। सिविल एविएशन की तरफ से रेकी करने के बाद क्लीयरेंस पर मंडलायुक्त की अनुमति मिलते ही सेवा शुरू कर दी जाएगी। नोडल अधिकारी ने बताया कि एक हफ्ते के अंदर इस सेवा को शुरू किया जाएगा।