पहलगाम में बेस कैंप का जायजा लेते उपराज्यपाल।
- फोटो : shrinagar news
श्रीनगर। तीन जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ जी तीर्थयात्रा से पहले रविवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा व्यवस्थाओं का जायजा लेने नुनवान और चंदनवाड़ी बेस कैंप पहुंचे। नुनवान बेस कैंप में श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए एक फुट ओवरब्रिज का उद्घाटन करते हुए उन्होंने मौजूद दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों से कहा कि कनेक्टिविटी के अभाव में तीर्थ यात्रियों का मोबाइल बंद नहीं होना चाहिए। निर्बाध टेली कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए दोनों मार्गों पर सक्षम नोडल अधिकारी तैनात किए जाए।
उपराज्यपाल ने इस दौरान पवित्र यात्रा के लिए नियुक्त प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारियों के साथ बातचीत कर तैयारियों का जायजा लिया। नुनवान में आपदा प्रबंधन केंद्र और यात्री निवास की प्रगति एवं आवास, लंगर, बिजली व पानी की आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधा, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं का भी उन्होंने मुआयना किया। चंदनवाड़ी बेस कैंप अस्पताल में डॉक्टरों व अन्य मेडिकल कर्मियों से बातचीत कर तीर्थ यात्रियों की बेहतर सेवा करने को कहा।
बोले, यह सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि श्री अमरनाथ जी के श्रद्धालु अपनी तीर्थ यात्रा आसानी से पूरी करें। उनका प्रवास सुरक्षित और आरामदायक हो। इस दौरान उनके साथ प्रधान सचिव और श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के सीईओ डॉ मंदीप के भंडारी अनंतनाग के उपायुक्त सईद फखरुद्दीन हामिद, एसएएसबी, पुलिस और सुरक्षा बलों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
-