श्रीनगर। सेना ने वीरवार को 1965 के युद्ध में हाजी पीर दर्रे पर ऐतिहासिक कब्ज़ा करने की याद में उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में 72 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराया। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि जिले में सेना की चीता पोस्ट पर तिरंगा फहराया गया।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय सेना के पराक्रम और बलिदान को श्रद्धांजलि देने के लिए हाजी पीर दिवस पर एक ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया, जो 1965 में हाजी पीर दर्रे पर ऐतिहासिक कब्जा करने की याद दिलाता है, जो बलिदान, साहस और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि यह समारोह डैगर डिवीजन द्वारा फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि चिनार कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव ने बारामुला शहर और झेलम नदी के ऊपर स्थित चीता पोस्ट पर गर्व से तिरंगा फहराया। अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में सैन्य बैंड और स्थानीय स्कूलों के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे सम्मान और सद्भाव की गहरी भावना पैदा हुई।
उन्होंने कहा कि बारामुला राष्ट्रीय राइफल्स के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने सशस्त्र बलों और स्थानीय समुदाय के बीच स्थायी बंधन को दर्शाया। अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में बारामुला के गणमान्य नागरिक, नागरिक प्रशासन और सुरक्षाबलों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।