पुरमंडल। पुरमंडल ब्लॉक की कटवालता पंचायत समेत कई गांव आज भी मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत में बीएसएनएल का मोबाइल टावर नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कृपाल सिंह, संदीप शर्मा, रवि शर्मा, देस राज, खेम राज सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सरकारी मोबाइल नेटवर्क सेवा उपलब्ध नहीं होने से लोगों को मजबूरी में निजी कंपनियों के नेटवर्क का सहारा लेना पड़ता है। इनके रिचार्ज काफी महंगे हैं। इससे ग्रामीणों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार निजी कंपनियों के नेटवर्क भी सही तरीके से काम नहीं करते, जिससे फोन कॉल करने, इंटरनेट चलाने और जरूरी सूचनाएं प्राप्त करने में दिक्कत आती है। खासकर विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में संपर्क न हो पाने से लोगों की चिंता बढ़ जाती है।
लोगों ने जिला विकास आयुक्त आयुषी सुदन से मांग करते हुए कहा कि कटवालता पंचायत में जल्द से जल्द सरकारी मोबाइल टावर स्थापित किया जाए ताकि ग्रामीणों को बेहतर दूरसंचार सुविधा मिल सके।