पुरमंडल। पुरमंडल में 17 मार्च से शुरू होने वाले तीन दिवसीय धार्मिक मेले के आयोजन को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता एसडीएम विजयपुर संदीप दुबे ने की। इसमें छड़ी यात्रा, चैत्र चौदस और अमावस्या के अवसर पर होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने बिजली की समुचित व्यवस्था, स्नान घाटों की सफाई और व्यवस्था, साफ-सफाई, अतिरिक्त बस सेवा, अस्थायी शौचालयों की स्थापना, स्वास्थ्य शिविर और महिलाओं के लिए विशेष स्नान सुविधा उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
इसके अलावा मेले में लगने वाली अस्थायी दुकानों के साथ-साथ पहली बार स्थानीय उद्यमियों और अन्य लोगों के लिए अपने उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शनी लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस पर एसडीएम विजयपुर संदीप दुबे ने आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदर्शनी के लिए भी उचित व्यवस्था की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और इससे क्षेत्र में रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर धर्मार्थ ट्रस्ट के पुरमंडल मंदिर के पुजारी राजिंदर शास्त्री, डोगरा सदर सभा के कार्यकारी अध्यक्ष गंभीर सिंह चाणक, कपिल सिंह, गोविंद राम शर्मा, हेमराज शर्मा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में तहसीलदार बाड़ी ब्राह्मणा प्यूनिका, नायब तहसीलदार पुरमंडल सुषमा वर्मा, बीएमओ पुरमंडल तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर एसडीएम विजयपुर संदीप दुबे ने उपस्थित अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बैठक में चर्चा के दौरान सामने आए सभी आवश्यक प्रबंधों को समय रहते पूरा करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने स्तर पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और मेले के सफल आयोजन में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।