क्यूली में अधूरी परियोजना का दृश्यस्रोत पाठक
पुरमंडल। पुरमंडल क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की कटवाल्टा जलापूर्ति योजना ठप पड़ी है और जलापूर्ति केंद्र पिछले चार वर्षों से अधूरे पड़े हैं। निर्माण कार्य ठप होने के कारण क्षेत्र के लोगों को पीने के पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया कि वर्षों की मांग के बाद जब इस योजना का कार्य शुरू हुआ था तो ग्रामीणों में शुद्ध पानी मिलने की उम्मीद जगी थी लेकिन बीते तीन से चार वर्षों से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। लोगों का कहना है कि इन परियोजनाओं पर अब तक करोड़ों रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है इसके बावजूद यह योजना जनता के लिए सुविधाजनक साबित नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के अनुसार कटवाल्टा परियोजना के तहत करनाल, क्यूली और तालाब शाम में बनने वाले इन जलापूर्ति केंद्रों से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जानी थी। निर्माण कार्य रुकने के कारण लोगों को आज भी उम्मीद के सहारे रहना पड़ रहा है। पीने के पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। लोगों ने बताया कि इन परियोजनाओं पर लगभग 6.30 करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रस्तावित था लेकिन समय पर निर्माण पूरा न होने से परियोजना की लागत और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद उन्हें इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।
ग्रामीणों ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार से मांग की है कि कटवाल्टा जलापूर्ति योजना के अधूरे पड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए।