पुरमंडल। पुरमंडल और उत्तरवहनी को जोड़ने वाले पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है। लोगों ने कहा, देविका नदी पर बन रहे पुल का निर्माण कार्य सात साल से अधर में है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
लवली गांव के जोगिंदर शर्मा, अशोक कुमार, रतन चंद, मीर चंद, कृष्ण चंद ने कहा कि लोगों ने इस पुल के माध्यम से हर मौसम में जिले की अन्य सड़कों से जुड़ने की उम्मीद लगाई थी, उत्तरवहनी स्थित देविका नदी पर बनने वाले इस पल को 7 साल हो गए, लेकिन निर्माण कार्य पूरा न हो पाया।
लोगों ने बताया कि जैसे ही क्षेत्र में कोई उच्च अधिकारी या मंत्री के आने का प्रोग्राम होता है तो निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाता है। उसके बाद बंद कर दिया जाता है। 7 सालों से निर्माण कार्य पूरा न होने से क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक गांवों के लोग परेशान हैं। इस पुल का निर्माण कार्य पूरा होने से क्षेत्र के तीन दर्जन गांवों के साथ साथ ऐतिहासिक स्थल उत्तरवहनी और पुरमंडल में आने वाले तीर्थ यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
लोगों ने बताया कि 2018 में इस पुल के निर्माण कार्य का पूर्व मंत्री नईम अख्तर और विधायक दविंदर कुमार ने शिलान्यास किया था। इसे एक वर्ष के भीतर पूरा करना था, 7 साल बीत जाने के उपरांत भी अधूरा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस पुल के बनने से ऐतिहासिक स्थल पुरमंडल और उत्तरवहनी में आने वाले यात्रियों के अतिरिक्त दर्जनों गांवों बड़ा क्षेत्र, कुंड गुरबाणी, पचौली, रजौली, मंडल, खड़ा, मदान, लवली मोरगढ़, सरना, नाली, चिलडगा आदि गांवों के लोगों को लाभ होना था। स्थानीय लोगों ने एलजी मनोज सिन्हा से पुल के निर्माण कार्य को जल्द पुरा करवाने की मांग की है।