विजयपुर। एनडीआरएफ की टीम ने विजयपुर हाई सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता अभियान चलाया। इसके तहत विद्यार्थियों को भूकंप, बाढ़, तूफान को लेकर जागरूक किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि डीसी सांबा राजेश शर्मा थे।
डीसी सांबा राजेश शर्मा ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए, ताकि बच्चों को जागरूक किया जा सके। इस दौरान छात्रों को भूकंप और बाढ़ आने एवं विषम परिस्थितियों में बचाव करने के तरीके बताए। लाइफ जैकेट एवं अन्य उपकरणों का प्रयोग करने के बारे में जागरूक किया। छात्रों को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करने के बुनियादी सिद्धांतों, जैसे सीपीआर, घायलों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने और रक्तस्राव रोकने के तरीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। आपातकालीन स्थिति में उपयोगी वस्तुओं की एक सूची तैयार करने पर चर्चा की गई। एनडीआरएफ के अधिकारियों ने कहा कि आपदाएं कभी भी और कहीं भी आ सकती हैं। यदि हम सतर्क और तैयार हैं तो जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।