बिश्नाह। विधायक डॉ. राजीव कुमार भगत ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में कई विकास कार्यों का औपचारिक शुभारंभ किया। इन पर 181.63 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं में बिश्नाह से बाड़ी ब्राह्मणा मार्ग की स्थायी बहाली (45 लाख रुपये), कन्हाल से सेहोरा लिंक रोड (15 लाख रुपये) और रेहाल से मंगाल मार्ग (36.50 लाख रुपये) के निर्माण के साथ-साथ कन्हाल, रेहाल धामलियन और चक जगत्तु में पंचायती राज संस्थाओं एवं विभिन्न विकास अनुदानों के तहत क्रमशः 41.63 लाख रुपये, 18 लाख रुपये और 25.50 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक डॉ. भगत ने कहा कि सड़क संपर्क और नागरिक बुनियादी ढांचा उनकी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर हैं। इससे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को गुणवत्ता के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए तय समय सीमा के भीतर इन सभी कार्यों को पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।