बिश्नाह। कोटली चाड़कां गांव में शुक्रवार को 70 वर्षीय गुलदेव राज पुत्र मूलाराम का शव गांव के ही डिफेंस नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव नाले के बीच दलदल में फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची बिश्नाह पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों के अनुसार गुलदेव राज वीरवार रात किसी काम के सिलसिले में घर से निकले थे लेकिन सुबह तक वापस नहीं लौटे। सुबह गांव के कुछ स्थानीय लोगों ने नाले में दलदल के बीच उनका शव पड़ा देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बिश्नाह पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि संभवत: अंधेरा होने के कारण गुलदेव राज नाले में गिर गए होंगे और दलदल में फंसने के कारण बाहर नहीं निकल सके। इससे उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। ग्रामीणों के अनुसार मृतक गुलदेव राज के बेटे का शव भी कुछ वर्ष पहले विजयपुर क्षेत्र में इसी तरह संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। इस पुराने घटनाक्रम का जिक्र सामने आने के बाद मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।