बिश्नाह। कस्बे में एटीएम बदलकर 23000 रुपए निकालने का मामला सामने आया है। वारदात का शिकार हुए गारा राम पुत्र ओमप्रकाश निवासी लसवाड़ा बिश्नाह ने बताया कि वह वीरवार को एटीएम में पैसे निकलवाने के लिए गए थे। वहां पर मौजूद शातिर जालसाजों ने बड़ी चालाकी से उनका एटीएम बदल दिया। साथ में पिन नंबर की भी जानकारी ले ली।
गारा राम ने बताया कि आधे घंटे बाद बैंक खाते से पैसे निकलने के मैसेज आने लगे। पहले उनके अकाउंट से 3000 रुपये निकले। इसके बाद दो बार दस-दस हजार निकले। इस तरह कुल 23000 बैंक खाते से शातिर जालसाज ने निकाल लिए। गारा राम ने कहा कि उनको पता ही नहीं चला कब शातिर आरोपियों ने उनका एटीएम बदल लिया। इसके बाद वह तुरंत संबंधित बैंक में पहुंचे और अपने खाते को फ्रिज करवाया। गारा राम ने कहा कि वारदात के संबंध में बिश्नाह पुलिस थाने में शिकायत दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।