बिशनाह क्षेत्र में दुष्कर्म के आरोपी को फांसी पर लटकाने की मांग करते गांव डिंडे खुर्द के लोग (फ
गांव डिंडे खुर्द के लोगों ने आरोपी के खिलाफ किया प्रदर्शन, फांसी पर चढ़ाने की उठाई मांग
आरोपी के परिवार को गांव से निकल जाने की दी चेतावनी
बिश्नाह। बिश्नाह क्षेत्र के गांव डिंडे खुर्द के लोगों ने सोमवार को डेढ़ साल की मासूम बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी अर्जुन लखोत्रा के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपी को फांसी पर लटकाने की मांग की।
गांव के लोगों ने कहा कि आरोपी उनके गांव का रहने वाला नहीं है। उसके कागजात किसी और जगह के हैं। वह कुछ महीने पहले ही गांव में आया था। स्थानीय निवासी राजकुमार और सोमनाथ ने बताया कि जब से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात हुई है तब से उनका गांव बहुत ज्यादा बदनाम हुआ है। गांव में पढ़े-लिखे और होनहार बच्चे हैं और गांव के लोग सुलझे व अच्छे ओहदों पर नौकरी करते हैं। गांव के युवाओं ने कहा कि उन्होंने आरोपी के परिवार को जल्द गांव छोड़कर भाग जाने की चेतावनी दे दी है। ऐसे लोगों को गांव में बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव की बदनामी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। स्थानीय लोगों ने राज्य सरकार और प्रशासन से मामले का कड़ा संज्ञान लेने की मांग करते हुए दुष्कर्म के आरोपी को फांसी पर लटकाने की आवाज उठाई। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि कानून के कागजों में आरोपी के वोटर कार्ड के आधार पर उसका पता लिखा जाए तथा इस कलंक को उनके गांव पर न लगाया जाए।