डाक बंगला के पास बनी बस्ती में आरोपियों के घर पहुंचकर चिपकाए नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। पशु तस्करी सहित अन्य मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। सात दिनों के भीतर अपनी संपत्ति की जानकारी प्रशासन के साथ सांझा करने के लिए कहा गया है। सात दिनों के भीतर आरोपियों की तरफ से नोटिस का जवाब नहीं दिया जाता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को एसडीएम आरएस पुरा अनुराधा ठाकुर की अध्यक्षता में पुलिस-प्रशासन के अधिकारी ढोल लेकर मारलिया डाक बंगला के पास बनी बस्ती में आरोपियों के घर पहुंचे और उनके परिजन को नोटिस के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ घर में नोटिस चिपकाए।
इस मौके पर थाना प्रभारी मीरां साहिब जितेंद्र सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस मौके पर एसडीएम आरएस पुरा अनुराधा ठाकुर ने बताया कि दो आरोपी जिनकी पहचान माजिद उर्फ बबल व रियाज अली उर्फ लालू है पर 18 के करीब मामले दर्ज हैं और आरोपी फरार चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों को नोटिस जारी किए गए हैं और उनसे उनकी संपत्ति की जानकारी सात दिनों के अंदर देनी होगी। उन्होंने कहा कि अगर निर्धारित अवधि के भीतर आरोपी संपत्ति की जानकारी नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि जम्मू कश्मीर में नशा मुक्त अभियान के तहत लगातार प्रशासन की तरफ से आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान को जारी रखते हुए पुलिस प्रशासन की तरफ से विभिन्न मामलों में फरार चल रहे दोनों आरोपियों को नोटिस जारी कर परिजनों को जानकारी दी गई है।