मीरां साहिब। कस्बे के बाजार में शुक्रवार रात चोर नोटों के हार की दुकान को निशाना बना भीतर पडे़ एक लाख रुपये के नोटों के हार व 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सुबह जब दुकान का मालिक पहुंचा तो देखा कि शटर का ताला टूटा पड़ा है। भीतर जाकर देखा तो नोटों के हार व काउंटर में रखे रुपये नहीं मिले। इसके बाद मीरां साहिब पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि 31 मार्च को भी इसी दुकान पर चोरों ने बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ने के बाद भीतर घुसकर तीन लाख रुपये नोटों के हार चोरी किए थे। उस समय भीतर घुसे चोरों ने हेलमेट पहन रखी थी। इस बार दोनों चोर नकाब लगाकर पहुंचे थे।
दुकान के मालिक मुकेश कुमार ने कहा कि एक माह पहले भी चोरों ने दुकान के ताले तोड़ तीन लाख रुपये के नोटों के हार चोरी किए थे। इस बार एक लाख रुपये के नोटों के हार व दराज में पड़े बीस हजार रुपये ले गए। दोनों चोरों की सीसीटीवी फुटेज में तस्वीर दिख रही है। उन्होंने कहा कि मीरां साहिब पुलिस थाने के सौ मीटर के एरिया में एक माह में दूसरी बार चोरी की घटना हुई लेकिन पुलिस अब तक पहली चोरी का सुराग नहीं लगा पाई। पुलिस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।