मीरां साहिब। नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार को नशे की कमाई से अजित की गई संपत्तियों पर जेसीबी चलाई। गांव इंद्रा नगर और गांव मलिकपुर गुजरा में दो घरों और बलोल नाले के किनारे पर गुज्जर समुदाय के 16 कुल्लों पर ये कार्रवाई की गई। 200 कनाल भूमि को खाली करवाया गया। यह ऑपरेशन उपायुक्त जम्मू के निर्देश पर चलाया गया।
मीरां साहिब पुलिस थाना के तहत इंदिरा नगर इलाके में प्रशासन ने अभियान चलाया। इसमें दो सगे भाइयों संदीप शर्मा व सन्नी शर्मा के घर को तोड़ा गया। यह कार्रवाई संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा सुरक्षा बलों की मौजूदगी में अंजाम दी गई। इसके बाद गांव मलिकपुर गुजरा के दिलबाग के घर पर कार्रवाई की गई। दिलबाग को पुलिस ने कुछ माह पहले हेरोइन व एक पिस्टल के साथ पकड़ा था। पहले भी हेरोइन का कारोबार करने पर पुलिस की ओर की गई कारवाई के दौरान पकड़ा गया था।
मौके पर मौजूद एसडीएम आरएस पुरा अनुराधा ठाकुर ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होगी। नशा तस्करी पर अंकुश लगेगा। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार आरएस पुरा चन्द्र शेखर शर्मा, एसडीपीओ आरएस पुरा गुरमीत सिंह, थाना प्रभारी मीरां साहिब जितेन्द्र सिंह सहित पुलिस के कई अधिकारी भी मौजूद थे।
एसडीपीओ आरएस पुरा गुरमीत सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से अवैध रूप से कारोबार करने वालों के खिलाफ व सरकारी भूमि पर कब्जे के खिलाफ अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसे असामाजिक तत्वो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिन्होंने सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा है।