आरएस पुरा। कस्बे के बाजार में बैसाखी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कलाकारों ने ढोल-नगाड़ों और लोक नृत्यों के माध्यम से बैसाखी त्योहार की खुशियां मनाईं और क्षेत्रवासियों को बैसाखी की मुबारकबाद दी। कार्यक्रम में पंजाबी लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। कलाकारों ने रंग-बिरंगे परिधानों में भांगड़ा और गिद्दा प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
बाजार में मौजूद लोगों ने भी इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों का हौसला बढ़ाया। स्थानीय व्यापारियों ने भी इस मौके पर विशेष सजावट की और ग्राहकों का स्वागत किया। बैसाखी के पर्व को लेकर बाजार में रौनक देखने को मिली और लोगों ने जमकर खरीदारी की। कलाकारों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से हमारी संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है।
बाजार में मौजूद बुजुर्ग दुकानदार राम सिंह ने कहा कि पहले बैसाखी पर्व पर एक हफ्ता पहले ही बाजार में मेला लगना आरंभ हो जाते थे पर अब ऐसा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि बैसाखी पर जरूर बाजार में रौनक होती है पर समय के साथ अब काफी बदलाव आ चुका है। अंत में सभी ने एक-दूसरे को बैसाखी की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।