आरएस पुरा सीमावर्ती गांव चकरोई स्थित मां चंडी मंदिर के 18 वें प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर नमन कर
मां चंडी के 18वें प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर भंडारा करवाया
आरएस पुरा। गांव चकरोई स्थित मां चंडी के 18वें प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर माता रानी के भव्य जागरण और भंडारे का आयोजन किया गया। भजन गायकों ने रातभर मां चंडी का गुणगान किया। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। मां चंडी के दरबार में माता रानी के सेवादार सुरेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में सुबह हवन यज्ञ के बाद ध्वज पूजन किया गया।
कंजक पूजन के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा खोला गया। इस दौरान मां चंडी के श्रद्धालु भजन कीर्तन कर रहे थे जिससे पूरा क्षेत्र माता रानी के रंग में रंगा हुआ नजर आया। रात में आयोजित मां चंडी के जागरण में जाने-माने गायकों देशा पठानकोटिया, नवीन पंजाबी, कुमार रवि, हैप्पी राही और अमित कुमार ने भजनों से मां चंडी का गुणगान किया।
मां चंडी के प्रमुख सेवादार सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि मां चंडी और माता रानी के परम पूज्य सेवक ठाकुर कुलबीर सिंह जम्वाल के आशीर्वाद से 18 वर्ष पहले गांव चकरोई में मां चंडी के दरबार की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी और तब से लेकर हर वर्ष प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर विशाल भंडारे एवं मां चंडी के जागरण का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला प्रभारी विक्रम संधू के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए लोगों ने भी मां चंडी के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लिया।