शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बल की शहादत को सलाम करते अधिकारी।
- फोटो : rs pura news
आरएस पुरा। राजस्थान के बाड़मेर में 28 जुलाई 2022 को मिग-21 विमान दुर्घटना में शहीद हुए फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बल की तीसरी पुण्यतिथि पर सोमवार को श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया।
सरकारी कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल स्थित शहीद मेमोरियल में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना, भारतीय सेना, सीमा सुरक्षा बल, पुलिस विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ शहीद के परिजनों व आम नागरिकों ने उन्हें याद किया। समारोह में वायुसेना के एयर कमांडर सागर सिंह रावत, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वरिंद्र सिंह, एसडीएम अनुराधा ठाकुर, एसडीपीओ गुरमीत सिंह, थाना प्रभारी रवि सिंह परिहार सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जैकलाई रेजीमेंट द्वारा शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके उपरांत कृषि विज्ञान केंद्र आरएस पुरा के सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर पौधरोपण अभियान चलाकर स्काॅस्ट परिसर में पौधे लगाए जाने के साथ स्थानीय नागरिकों व सामाजिक संगठनों ने भी शहीद को पुष्पांजलि अर्पित की।
समारोह में पूर्व नगर अध्यक्ष सतपाल पप्पी, पूर्व उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता व किशोर शर्मा सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित थे। शहीद अद्वितीय बल के पिता स्वर्ण बल ने भावुक होकर कहा कि जब एक पिता बनकर सोचता हूं तो दुख होता है पर जब देश के नागरिक के तौर पर सोचते हैं तो बेटे की शहादत पर गर्व होता है। उन्होंने कहा, मेरे बेटे ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए, यह पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है। एसडीएम अनुराधा ठाकुर ने कहा कि अद्वितीय बल की बहादुरी और राष्ट्रभक्ति भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वरिंद्र सिंह ने कहा कि देश को ऐसे वीर सपूतों की शहादत पर गर्व है। साथ ही उन्होंने बताया कि सरकार अब पुराने फाइटर मिग जेट को बदलने की प्रक्रिया में है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही समाज सेवा में विशेष योगदान देने वाले लोगो को भी सम्मानित किया गया।