आरएस पुरा। बाल विकास परियोजना आरएस पुरा की तरफ से सीमावर्ती पंचायत सई में जागरूक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं को केंद्र सरकार की तरफ से चलाई जा रही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में जागरूक किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी आरएस पुरा अतिक्षा सेठी की अध्यक्षता में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम एवं पंजीकरण अभियान के दौरान संयुक्त निदेशक पोषण विनोद कुमार बहनाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं को इस योजना के संबंधी विस्तार से जागरूक किया। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई तक योजना में पंजीकरण कराने के लिए विशेष अभियान जिले में चलाया जा रहा हैं। महिलाओं को लाभ देने के लिए प्रतिदिन लाभार्थी पंजीकृत किए जा रहे हैं। संयुक्त निदेशक पोषण विनोद कुमार बहनाल ने कहा कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य व पोषण की चिंता सरकार कर रही है। इसके लिए उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत धनराशि दिए जाने की व्यवस्था की गई है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से योजना में गर्भावस्था की शुरुआत में ही नाम पंजीकृत कराने पर लाभ मिलता है। आंगनबाड़ी केंद्र के साथ उप स्वास्थ्य केंद्र में भी यह सुविधा उपलब्ध है। वहीं महिलाओं का मौके पर ही पंजीकरण भी किया गया।