बैठक के दौरान मौजूद दुकानदार व सफाई कर्मी।
- फोटो : rs pura news
आरएस पुरा। एसडीएम आरएस पुरा अनुराधा ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्थायी सफाई कर्मियों को हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अस्थाई कर्मी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, लेकिन स्थायी कर्मियों को कोई दिक्कत नहीं हैं। ऐसे में अगर स्थायी कर्मी काम छोड़ हड़ताल में रहेंगे तो उनके खिलाफ कानून के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद विधायक डॉ. नरेन्द्र सिंह ने कहा कि अस्थायी कर्मियों की मांग पर विधानसभा में उनका पक्ष रखे जाने पर राज्य सचिव की देखरेख में एक कमेटी का गठन किया गया है। छह माह के भीतर रिपोर्ट आएगी और तब तक कर्मी काम पर वापस लौटकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि वह सफाई कर्मियों के साथ खड़े हैं, पर जिस प्रकार वह पिछले कई दिनों से काम छोड़ो हड़ताल पर हैं। उससे आरएस पुरा कस्बे व अन्य वार्ड में कूडे-कचरे के ढेर लगे गए हैं। इससे बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है।
बैठक में मौजूद आरएस पुरा बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा, किराना एसोसिएशन ओम प्रकाश चाचू सहित अन्य ने कहा कि जिस प्रकार दूसरे केन्द्र शासित राज्यों में दिहाड़ी तय की गई है। उसी प्रकार जम्मू कश्मीर में लागू करने पर अस्थायी कर्मियों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है। बैठक में एसडीपीओं गुरमीत सिंह, थाना प्रभारी रवि परिहार, कार्यकारी ईओ सहित सफाई कर्मचारी संगठन के लोग भी मौजूद थे।