आरएस पुरा। संदिग्ध गतिविधियों को लेकर निलंबित पुलिस अधिकारी से एसओजी ने पूछताछ की और देर रात छोड़ा। वीरवार को पुलिस विभाग की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने आरएस पुरा क्षेत्र में एक निलंबित पुलिस अधिकारी को हिरासत में लेने के लिए दबिश दी। बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियां काफी दिनों से इस व्यक्ति पर नजर रखे हुई थी।
जानकारी के अनुसार, एसओजी की टीम सहायक इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह दी देखरेख में उक्त निलंबित अधिकारी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी, लेकिन वह वहां पर नहीं मिला। इसके बाद टीम ने उसे कस्बे के एक पेट्रोल पंप से हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि यह अधिकारी वर्ष 1995 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। बाद में एक अनुशासनात्मक कार्रवाई के चलते उसे निलंबित किया गया था। कुछ वर्ष पहले दिल्ली पुलिस की ओर उसे पकड़ा गया था। बताया जा रहा है उसके बैंक खाते से किसी संदिग्ध लेनदेन और सीमा पार पाकिस्तान से किसी व्यक्ति से बातचीत की जानकारी के बाद एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। थाना प्रभारी आरएस पुरा इंस्पेक्टर रवि सिंह परिहार ने एसओजी टीम की कार्रवाई की पुष्टि की है। पूछताछ के बाद देर रात एसओजी टीम ने उसे छोड़ दिया। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से भी मामले की जांच जारी है।