गुढा मन्हांसा में टूटी नहर की मरम्मत करते किसान।स्रोत किसान
नहर की मरम्मत के लिए किसानों ने उठाया जिम्मा, विभाग और जनप्रतिनिधियों के प्रति जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
परगवाल। स्थानीय तहसील के गांव गुढ़ा मन्हांसा के किसानों ने सिंचाई व्यवस्था बहाल करने के लिए स्वयं आगे आते हुए अपने खर्च पर क्षतिग्रस्त छोटी नहर की मरम्मत कर डाली। किसानों ने सरकार और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गुढा मन्हांसा से हमीरपुर कोने की तरफ जाने वाली छोटी नहर का एक हिस्सा अगस्त में दरिया चिनाब में आई बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा था। काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो विभागीय अधिकारियों ने मौके का दौरा किया और न ही नहर की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया।
किसान कश्मीर सिंह, तरसेम सिंह, प्रीतम सिंह का कहना था कि इस समय धान की रोपाई और सिंचाई का दौर चल रहा है। विभाग की ओर से कोई कार्रवाई न होते देख किसानों ने आपस में सहयोग कर पैसे एकत्रित किए और जहां से नहर टूटी थी, पाइपें डालकर पानी खेतों तक पहुंचाने का निर्णय लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि खेती उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और सिंचाई व्यवस्था बाधित होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन किसानों की वास्तविक समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। किसानों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग से मांग की कि क्षतिग्रस्त नहर की स्थायी मरम्मत जल्द से जल्द करवाई जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को राहत मिल सके और उनकी फसलें सुरक्षित रह सकें।