ज्यौड़ियां। पलांवाला से ज्यौड़ियां तक 17.05 किलोमीटर जर्जर सड़क से छंब विधानसभा क्षेत्र की बीस पंचायतों को जल्द निजात मिलने जा रही है। इसकी जानकारी एसडीएम खौड़ सतीश कुमार शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि इस सड़क के चौड़ीकरण का काम ग्रेफ विभाग की तरफ से जल्द शुरू किया जाएगा। ग्रेफ विभाग के अधिकारियों की तरफ से इसका शुक्रवार को निरीक्षण भी किया गया।
विज्ञापन
गांव तरोटी के पास से ग्रेफ विभाग की तरफ से सड़क का नाप तोल भी किया गया। बताया जा रहा है कि इस सड़क के चौड़ीकरण पर लगभग डेढ़ सौ करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। ग्रेफ विभाग की तरफ से सड़क का चौड़ीकरण करने के लिए राजस्व विभाग के सहयोग से निशानदेही भी कर दी गई है। सड़क की चौड़ाई कुल 80 फुट की जाएगी। सड़क का चौड़ीकरण ज्यौड़ियां पुलिस की चैक पोस्ट से लेकर पलांवाला में सेना के रंजीत गेट तक किया जाएगा।
विभाग के अनुसार खौड़ बाजार में किसी भी तरह से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। जानकारी के अनुसार कैंप खौड़ में जहां नगरपालिका खौड़ की तरफ से गेट लगाया गया है वहां से लेकर खौड़ राधास्वामी सत्संग घर तक बाजार के बीचोंबीच कोई भी छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। वहीं वन विभाग तथा बिजली विभाग की तरफ से ग्रेफ विभाग को अपना ढांचा हटाने के अपने पलान के तहत दस्तावेज भी दे दिये गये हैं।