ज्यौड़ियां। आंबेडकर जयंती उत्सव समिति खौड़ की तरफ से मंगलवार को डॉ. आंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र में शोभायात्रा निकाली गई। इसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम की शुरुआत गांव ढांगर के नजदीक से शोभा यात्रा के रूप में की गई। यात्रा में शामिल लोग हाथों में नीले झंडे लेकर और ''''जय भीम'''' के नारे लगा रहे थे।
शोभा यात्रा सीमावर्ती गांव जंगीवाला, कोट मैरा और खौड़ बाजार से होते हुए गुजरी। शोभायात्रा का जगह-जगह फूलों की वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। अंत में यह रैली खौड़ स्थित संत कबीर दास जी के मंदिर में जाकर संपन्न हुई। रैली में युवाओं और महिलाओं की भारी भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। सांस्कृतिक कार्यक्रम और विचार गोष्ठी का आयोजन संत कबीर दास मंदिर परिसर में किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। समारोह के अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों के लिए सामूहिक लंगर का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी वक्ताओं ने बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने और सामाजिक एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।