ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले के गांव घरड़ सैंथ में ऑल इंडिया बाबिआ बिरादरी की मेल आयोजित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बुआ के मंदिर में माथा टेक आशीर्वाद लिया। मेल के दौरान बिरादरी के पंजाब, हरियाणा, बटाला आदि से भी श्रद्धालु शामिल हुए।
इस दौरान बाबिआ बिरादरी की ऑल इंडिया कमेटी का भी गठन किया गया। सर्वसम्मति से मास्टर अरुण कुमार को कमेटी का प्रधान चुना गया, जबकि विक्की (बटाला, पंजाब) को महासचिव नियुक्त किया गया। रिटायर्ड कप्तान रोशन लाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा सुरिंदर कुमार (पलांवाला) को ऑर्गेनाइजर, संजय कुमार (अखनूर) को एडवाइजर तथा अजित कुमार (परगवाल) को कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया। अन्य सदस्यों में सतपाल, मोहन लाल (पलांवाला) और जोगी प्रेम नाथ सहित कई अन्य सदस्य शामिल किए गए। इस मौके पर नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने बिरादरी के विकास, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने बिरादरी की तरक्की और समाज में सद्भाव बनाए रखने की कामना की।